मुंबई में पायल के बाद एक और डॉक्टर स्वाति शिगवान ने की आत्महत्या

मुंबई
मुंबई में एक बार फिर महिला डॉक्टर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। अंधेरी स्थित महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डवलपमेंट कॉरपोरेशन (MIDC) में स्थित अपने आवास में स्वाति शिगवान नामक 31 वर्षीय डेंटिस्ट ने आत्महत्या कर ली। हालांकि अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। साथ ही स्वाति के परिजन से भी मामले में पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि कुछ ही दिनों पहले मुंबई में पायल नाम की एक डॉक्टर ने आत्महत्या कर ली थी। डॉक्टर पायल तड़वी बीवाईएल नायर हॉस्पिटल से एमडी की पढ़ाई कर रही थीं। उनका दूसरा साल चल रहा था। मीडिया रिपोर्ट में महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स के एक सदस्य का हवाला देते हुए कहा गया है कि डॉ पायल ने खुदकुशी करने से तकरीबन 4 घंटे पहले तीन सर्जरी की थी। उन्होंने बताया कि उस वक्त वह बिल्कुल भी तनाव में नहीं थीं। सर्जरी करने के कुछ घंटों के बाद ही उनके कमरे से उनका शव बरामद किया गया।