पुलिस के सामने किसी भी कीमत पर सरेंडर नहीं करेंगे: अनंत सिंह

पटना
अनंत सिंह ने तीसरा वीडियो जारी कर पुलिस के सामने एक बार फिर चुनौती जाहिर की है। वीडियो में उन्होंने कहा है कि वो पुलिस के सामने किसी भी कीमत पर सरेंडर नहीं करेंगे। अनंत सिंह ने पुलिस पर साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें कोर्ट पर पूरा भरोसा है, लेकिन पुलिस पर नहीं। इस नए वीडियो में अनंत ने पटना पुलिस के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें पता चल गया है कि ‘राज्य की सत्ताधारी जदयू के सांसद ललन सिंह, मंत्री नीरज कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने मेरे खिलाफ साजिश रचकर एक रिश्तेदार के जरिए घर मे हथियार रखवाए थे। बीते 16 अगस्त को बाढ़ के नदावां गांव स्थित अनंत सिंह के घर से एके 47 रायफल, दो ग्रेनेड और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किया गया था। इसके बाद से ही बिहार पुलिस विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार करने की कोशिश में है। जबकि फरार अनंत सिंह बार-बार वीडियो जारी कर बिहार पुलिस की काबिलियत पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अनंत सिंह के घर मिली AK-47, RJD नेता बोले-‘हथियार मिलने से आतंकवादी नहीं होता’ विधायक अनंत सिंह के गांव के घर से AK-47, ग्रेनेड और कारतूस बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है और कोर्ट से उनकी गिरफ्तारी का आदेश जारी हुआ है। इससे पहले गुरुवार को अनंत सिंह के अदालत में कभी भी सरेंडर किए जाने की खबर सामने आती रहीं, लेकिन पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के कारण यह संभव नहीं हो पाया। अनंत सिंह के घर से अवैध अत्याधुनिक हथियार मिलने के साथ ही उनपर एक कुख्यात को आश्रय (शरण) देने का भी आरोप है।