सरोर टोल प्लाजा विवादः विरोध में उतरे पार्षद, बोले- जनविरोधी काम करके मौन है भाजपा

जम्मू संभाग के सरोर क्षेत्र में खुले टोल प्लाजा को लेकर अब जम्मू नगर निगम के पार्षदों ने भी विरोध करना शुरू कर दिया है। कांग्रेसी पार्षद गौरव चोपड़ा और रितु चौधरी ने कहा कि नए टोल प्लाजा से वाहन चालक परेशान हो रहे हैं। भाजपा ने टोल प्लाजा खोलकर जनविरोधी काम किया है। उन्होंने कहा कि इतने विरोध पर भी भाजपा मौन है। जम्मू-कठुआ रूट पर बसें नहीं चल रही हैं। लोगों को पैदल चलना पड़ रहा है।
इस समय नौकरी करने वाले लोग, छात्र, व्यापारी वर्ग दुखी है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार एक टोल प्लाजा से 70 किलोमीटर के बीच कोई दूसरा टोल प्लाजा नहीं हो सकता है। टोल प्लाजा दोनों ही तरफ से इस नियम को पूरा नहीं करता है।
दूसरा नियम यह कहता है कि किसी भी शहर से दस किलोमीटर के अंदर कोई टोल नहीं होना चाहिए जबकि सरोर टोल प्लाजा बाड़ी ब्राह्मणा टाउन से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर है। यहां पर नियमों का उल्लंघन हो रहा है। इस मौके पर अन्य पार्षद भी मौजूद रहे।