निर्भया फंड से 25 हजार वाहनों में लगेगा ये खास सिस्टम

महिलाओं और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सूबे में चल रही सभी सरकारी और निजी बसों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (वीटीएस) की कवायद शुरू हो गई है। पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसे जालंधर डिपो से शुरू किया गया है। इस समय प्रदेश में लगभग तीन हजार सरकारी, सात हजार निजी बसें दौड़ रही है। इसके अलावा वीटीएस को 15 हजार स्कूल वाहनों में भी लगाया जाएगा। सरकारी अधिकारियों के अनुसार अप्रैल माह तक यह सिस्टम लगभग सभी वाहनों पर लग जाएगा। वीटीएस सिस्टम लगाने के लिए सरकार ने एक कंपनी को ठेका दिया है।
निर्भया कांड के बाद केंद्र सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा को देखते निर्भया फंड का गठन किया गया था। इसमें सभी राज्यों को पैसा जारी किया जा चुका है। इस फंड के इस्तेमाल करने के लिए कुछ शेयर राज्य सरकार को भी देना होगा। ट्रांसपोर्ट विभाग ने अब फैसला लिया है कि वह सभी सरकारी, निजी और स्कूल बस में इस सिस्टम को लगाया जाएगा। ताकी किसी भी बस में किसी भी महिला या यात्री को कोई भी समस्या आती है तो वह इसका फायदा ले सके। वीटीएस के साथ सभी वाहनों में एक पेनिक बटन भी लगेगा। यह बटन बस में एक सीट छोड़कर लगेगा। जैसे ही किसी व्यक्ति को कोई भी समस्या होगी, वह तुरंत पेनिक बटन को दबा सकता है। बटन दबाते ही चंडीगढ़ में बनाए गए कंट्रोल रूम में इसकी सूचना मिलेगी। तुरंत ही बस के अंदर लगे कैमरा ऑन हो जाएगा।