Oyo ने जीता लोगों का भरोसा, एक महीने में 65 लाख ने की होटल्स की बुकिंग

नई दिल्ली
होटल्स, होम्स एवं स्पेस क्षेत्र में कार्यरत कंपनी ओयो होटल्स एंड होम्स के माध्यम से इस वर्ष जनवरी में 65 लाख लोगों ने होटलों की बुकिंग की। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुये कहा कि संचार में सुधार और प्रक्रियाओं में बदलाव के बाद कंपनी ने देश भर में 100 से अधिक प्रॉपटी मालिकों का भरोसा जीता है, जो जनवरी में ओयो के परिवार में फिर से शामिल हुये हैं।
साल की शुरूआत मजबूती से करते हुए ओयो के फ्रैंचाइज़ होटल कारोबार ने भी तेजी लायी है और हर दिन 800-1200 से अधिक कमरे साईन किए। इसी के साथ देश के 415 से अधिक शहरों में यह संख्या 270,000 कमरों तथा 18000 भवनों तक पहुंच गई है। ओयो इंडिया एंड दक्षिण एशिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोहित कपूर ने कहा कि 2020 में स्थायी विकास, संचालनात्मक उत्कृष्टता और मुनाफ़ा उनकी प्राथमिकताएं हैं।
जनवरी में देश भर में 65 लाख मेहमानों का स्वागत करना उनके लिए गर्व की बात है। लाखों उपभोक्ताओं का भरोसा जीतना रातों-रात संभव नहीं है, यह सफलता कई सालों की कड़ी मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है।