विराट नगर में पर्यटन विकास कार्यों के लिए बजट की उपलब्धता और प्राथमिकता के आधार पर निर्णय होगा – पर्यटन मंत्री

जयपुर, 22 जुलाई। पर्यटन मंत्री श्री विश्वेन्द्र सिंह ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि विराटनगर विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन विकास कार्यों के लिए बजट की उपलब्धता पर प्राथमिकता के आधार पर युक्तियुक्त निर्णय लिया जाएगा। श्री सिंह ने प्रश्नकाल के दौरान विधायकों की ओर से पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए बताया कि मुगल गेट और भीम की डूंगरी विराट नगर के संरक्षण एवं विकास कार्य के लिए 41.88 लाख रुपए व्यय हुए हैं। उन्होंने बताया कि पुरातत्व की महत्वपूर्ण विरासत को पुरातत्व विभाग और पर्यटन विभाग दोनों मिलकर देखरेख करने की पूरी मंशा रखते हैं। इससे पहले विधायक श्री इन्द्राज सिंह गुर्जर के मूल प्रश्न के जवाब में उन्होंने बताया कि गत पांच वर्षों में विधानसभा क्षेत्र विराट नगर में राज्य सरकार द्वारा कुल राशि 274.22 लाख रुपए के विकास कार्य कराए गए हैं एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के द्वारा कुल राशि 22.2 लाख रुपए के विकास कार्य कराए गए हैं। पर्यटन मंत्री ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण से प्राप्त सूचना अनुसार विराटनगर में बीजक की पहाड़ी पर स्थित उत्खनित स्थल संरक्षित स्थल है। उत्खनन के दौरान वहां पर मौर्यकालीन ईटों से निर्मित गोलाकार स्तूप मिला है, जिसके 26 लकड़ी के अष्टाकार स्तम्भ थे। साथ ही मठ के अवशेष भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को प्राप्त हुए हैं।