राबड़ी देवी ने अपने सगे भाई साधु यादव और सुभाष यादव को नहीं बांधी राखी

पटना
भाई बहन की पवित्र और अटूट रिश्ते के पर्व रक्षा बंधन के दिन भी बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके दोनों भाइयों के बीच वर्षो से जारी खटास कम नही हुई। यह दूरी गुरुवार को तब भी दिखी जब राबड़ी देवी ने अपने सगे भाई साधु यादव और सुभाष यादव को राखी नहीं बांधी। दोनों सगे भाइयों की कलाई तो सूनी रही, लेकिन पूर्व सीएम ने अपने मुंहबोले भाई की कलाई पर राखी जरूर बांधी। राबड़ी देवी ने अपने इस मुंहबोले भाई की ललाट पर तिलक लगाया और मिठाई भी खिलाई। पूरे विधि-विधान से अपने इस मुंहबोले भाई की कलाई पर राखी भी बांधी। भाई ने भी अपने कर्तव्य को निभाते हुए अपनी बहन को खास उपहार भी दिया। ये उपहार क्या था यह तो नहीं पता चला, लेकिन सगे भाइयों को छोड़ राबड़ी देवी के अपने मुंहबोले भाई को राखी बांधने की बात चर्चा में रही। बता दें कि बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी के मुंहबोला भाई को सामान्य शख्स नहीं है। इनका नाम सुनील सिंह है और ये बिस्कोमान के चेयरमैन है। ये राबड़ी देवी के पति और आरजेडी चीफ लालू यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। जब बिहार में लालू-राबड़ी राज था तो इनका राजनीतिक रसूख साधु-सुभाष से कहीं कम नहीं था। हालांकि नीतीश सरकार में भी इनका राजनीतिक रसूख बरकरार है।