CAA पर विरोध के बीच पाक से आई हसीना को मिली भारतीय नागरिकता

देशभर में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। इस कानून को संविधान के खिलाफ बताकर विपक्षी पार्टियां विरोध कर रही हैं। इन सब विरोध प्रदर्शनों के बीच गुजरात में पाकिस्तान से आई एक महिला को भारत की नागरिकता प्रदान की गई है। पाकिस्तान से वापस लौटकर भारत आईं हसीना बेन ने दो साल पहले भारत की नागरिकता के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद भारत सरकार द्वारा उन्हें नागरिकता प्रदान की गई है। हसीना बेन मूलरूप से भारत की रहने वालीं थी। लेकिन 1999 में शादी के बाद वह पाकिस्तान चली गई थीं। पाकिस्तान में रहने के दौरान उनके पति की मौत हो गई, जिसके बाद उन्होंने भारत वापस लौटने का फैसला किया। दो साल पहले हसीना ने भारत की नागरिकता के लिए आवेदन किया था। अब 18 दिसंबर, 2019 को भारत सरकार की ओर से उन्हें नागरिकता का प्रमाणपत्र दिया गया है। गुजरात के द्वारका में हसीना बेन ने भारतीय नागरिकता लेने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा था। द्वारका कलेक्टर डॉ नरेंद्र कुमार मीणा की तरफ से हसीना बेन को भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र दिया गया।