अपराधियों ने पूर्व मुखिया और उसकी बेटी को बनाया गोलियों का निशाना

सुपौल
बिहार में अपराधियों ने तांडव मचा रखा है। आए दिन बेखौफ अपराधी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। आलम यह है कि यहां आमजन के साथ-साथ नेतागण भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला सुपौल जिला का है जहां अपराधियों ने नोआबाखर पंचायत के पूर्व मुखिया और उसकी पुत्री को गोलियों से भून डाला। इस घटना में बाप-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूर्व मुखिया बेचन यादव अपनी बेटी अंजू के साथ किशनपुर से अपने गांव नोआबाखर जा रहे थे। तभी पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिल पर सवार छह अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में बाप-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को किशनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करवाया गया है। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया। पूर्व मुखिया कि हालात गंभीर देखते हुए उन्हें सहरसा के अस्पताल में रेफर किया गया है। वहीं घटना के कारणों का तत्काल पता नही चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।